मानसखंड खेल परिसर, हल्द्वानी में भारतीय हॉकी के 100 वर्ष पूरे होने पर हॉकी खिलाड़ियों के साथ खेल मंत्री रेखा आर्या।
हल्द्वानी। भारतीय हॉकी के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शुक्रवार को हल्द्वानी के मानसखंड खेल परिसर (गोलापुर स्टेडियम) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने हॉकी खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरकर हॉकी खेली और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

भारतीय हॉकी महासंघ के 100 वर्ष पूरे
खेल मंत्री ने बताया कि 8 नवंबर 1925 को भारतीय हॉकी महासंघ की स्थापना हुई थी। इसके बाद भारतीय टीम ने 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक में पहली बार भाग लिया और गोल्ड मेडल जीतकर पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी के इतिहास में ऐसे कई गौरवशाली अध्याय हैं जिन्होंने देश को खेल जगत में पहचान दिलाई।

खेल मंत्री ने दिया प्रेरणादायी संदेश
रेखा आर्या ने कहा कि एक समय था जब दुनिया की कोई भी टीम भारतीय हॉकी टीम के सामने खेलने से डरती थी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे उसी स्वर्ण युग को वापस लाने का संकल्प लेकर तैयारी करें। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में अब हॉकी का कल्चर तेजी से विकसित हो रहा है और प्रदेश ने वंदना कटारिया जैसी स्टार खिलाड़ी देश को दी हैं। उन्होंने कहा कि अगले ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम में उत्तराखंड का मजबूत प्रतिनिधित्व दिखे, यही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
प्रदर्शनी मैच में झलका जोश
इस अवसर पर खेल परिसर में एक प्रदर्शनी हॉकी मैच भी खेला गया जिसमें युवा खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पूरे मैदान में खेल भावना और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में सहायक निदेशक रसिका सिद्दकी, जिला उप खेल अधिकारी वरुण बेलवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
