देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इगास पर्व के अवसर पर कलाकारों से मुलाकात करते हुए।
देहरादून। उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व इगास के शुभ अवसर पर शनिवार को देशभर से आए कई प्रसिद्ध फिल्म और कॉमेडी कलाकारों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। यह मुलाकात राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रही।

मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान कॉमेडी जगत के मशहूर कलाकार कृष्णा अभिषेक, वरिष्ठ अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, और हास्य अभिनेता हेमंत पांडे सहित कई अन्य चर्चित कलाकार उपस्थित रहे। कलाकारों ने मुख्यमंत्री से देवभूमि की संस्कृति, लोकपरंपराओं और प्रकृति पर विस्तृत चर्चा की।
कलाकारों ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, सरलता और लोकसंस्कृति से उन्हें विशेष प्रेरणा मिली है। उन्होंने राज्य की 25वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रमों को एक सांस्कृतिक उत्सव के रूप में सराहा और कहा कि इससे न केवल स्थानीय कलाकारों को मंच मिल रहा है, बल्कि बाहरी कलाकारों के लिए भी देवभूमि को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी कलाकारों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय कला, संस्कृति और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि उत्तराखंड की पहचान सिर्फ देवभूमि के रूप में नहीं, बल्कि संस्कृति की राजधानी के रूप में भी स्थापित हो।
