7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में इस पूरे हफ्ते मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून समेत सात जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पहाड़ी जिलों में बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।

यात्रियों से अपील
डॉ. तोमर ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले यात्री मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा शुरू करें। पहाड़ी जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने, भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने जैसी स्थितियां बन सकती हैं।

प्रशासन का अलर्ट
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। वहीं, चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी मौसम को देखते हुए सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
