हल्द्वानी में दो दिन की बारिश से किसानों की जमीनों को भारी नुकसान
हल्द्वानी। बीते दो दिनों से हो रही लगातार बारिश ने हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी बरसात से किसानों की खेती योग्य जमीनों को भारी नुकसान पहुंचा है। वहीं, सुखी नदी पर बने पुल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

उपजिला अधिकारी राहुल शाह ने जानकारी दी कि गौला नदी ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में जमीनों का कटाव किया है, जबकि नंधौर नदी ने चोरगलिया क्षेत्र में नुकसान पहुंचाया है। प्रशासन की ओर से सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर भेजी गईं, जिन्होंने सभी प्रभावित स्थलों का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। यह रिपोर्ट अब जिलाधिकारी को भेजी जा रही है, ताकि आगे की कार्यवाही की जा सके।
अधिकारियों ने बताया कि हल्द्वानी-चोरगलिया मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुल के हिस्से की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है, ताकि यातायात व्यवस्था जल्द बहाल हो सके। राहुल शाह ने यह भी स्पष्ट किया कि इस बारिश में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी और राहत कार्य किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

