हरियाणा से लापता नाबालिग बालिकाएँ नैनीताल में मिलीं
नैनीताल। मुखानी पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए हरियाणा से घर छोड़कर आई तीन नाबालिग बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों को सुपुर्द किया। दिनांक 24 अगस्त 2025 को शांति व्यवस्था ड्यूटी के दौरान सेन्ट्रल तिराहे पर तैनात एक होमगार्ड ने सूचना दी कि तीन संदिग्ध बालिकाएं सोने की चेन बेचने की कोशिश कर रही हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया है।

सूचना पर तत्काल मुखानी पुलिस टीम मौके पर पहुँची और तीनों को सुरक्षा की दृष्टि से संरक्षण में लेकर थाने लाई। पूछताछ में बालिकाएँ, जिनकी उम्र 16 और 17 वर्ष है, निवासी गुरुग्राम (हरियाणा) की पाई गईं। उन्होंने बताया कि वे घर से नाराज़ होकर घूमने चली आई थीं। परिजनों से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि उनकी गुमशुदगी थाना सेक्टर-5 गुरुग्राम में FIR नंबर 273/25 धारा 137(2) BNS के तहत दर्ज की गई थी।
बाद में हरियाणा पुलिस व परिजन थाना मुखानी पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों बालिकाओं को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बालिकाओं के सुरक्षित बरामद होने पर नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया।

