कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस ने 3 महीने के बच्चे को सुरक्षित बरामद कर गिरोह का भंडाफोड़ किया।
हरिद्वार। कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। मात्र 72 घंटे के अंदर पुलिस ने एक बच्चा चोरी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन महीने के मासूम को सकुशल बरामद कर लिया। मामला 11 अक्टूबर का है, जब अमरोहा निवासी जहीर अंसारी ने थाना कलियर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी के पास से रात में सोते समय तीन महीने का बच्चा अज्ञात महिलाओं द्वारा चुरा लिया गया।

शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया और कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर सुरागों की कड़ी मेरठ तक जोड़ी। जांच में पता चला कि एक संगठित बच्चा चोरी गिरोह इस वारदात में शामिल था। इसके बाद पुलिस ने आस मोहम्मद लंगड़ा, उसकी पत्नी शहनाज, सलमा, अंचन, नेहा शर्मा और अंतिम खरीदार विशाल गुप्ता को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विशाल गुप्ता की शादी को 10 साल हो चुके थे और संतान न होने के कारण उसने इस गिरोह से 4 लाख 90 हज़ार में बच्चे की खरीद-फरोख्त का सौदा किया। गिरोह के सदस्य बच्चे को चोरी कर बीच में कई लोगों को बेचते हुए मुनाफा कमा रहे थे। पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंप दिया। इस कार्रवाई के बाद हरिद्वार पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।

