SSP हरिद्वार के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हरिद्वार। हरिद्वार में धर्म के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी बाबाओं के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। SSP हरिद्वार के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि चलाकर तीन ऐसे बाबाओं को गिरफ्तार किया, जो साधु-संत बनकर भोली-भाली जनता को ठग रहे थे।

साधु-संत बनकर कर रहे थे ठगी
पकड़े गए आरोपी खुद को धार्मिक गुरु बताकर लोगों के व्यक्तिगत संकट दूर करने का दावा करते थे। महिलाएं और युवा इन बाबाओं की बातों में आकर ठगी का शिकार हो रहे थे। पुलिस जांच में पता चला कि ये लोग धर्म और आस्था का सहारा लेकर लोगों से पैसा ऐंठते थे।

कानून के शिकंजे में कालनेमि बाबा
तीनों आरोपियों पर धारा 170(2) बीएनएसएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी ताकि शहर में कोई भी फर्जी बाबा लोगों को गुमराह न कर सके।
प्रशासन की चेतावनी
हरिद्वार प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे ढोंगी बाबाओं से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन ने साफ कहा है कि धर्म के नाम पर ठगी करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
