हरिद्वार में मोबाइल रिपेयर विवाद ने लिया हिंसक रूप
हरिद्वार। हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के ग्राम घिस्सुपुरा में मोबाइल रिपेयर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के मुताबिक रिपेयरिंग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे।

मारपीट की यह घटना बीच सड़क पर हुई, जिसे मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। वीडियो सामने आने के बाद पथरी थाना पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले को शांत कराने का प्रयास किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर दोनों पक्षों की पहचान की जा रही है। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। बताया जा रहा है कि फिलहाल इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

