मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अक्टूबर 2026 तक सभी स्थायी कार्य पूरे कर लिए जाएं। सीएम ने कहा कि दिव्य और भव्य कुंभ का आयोजन राज्य सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ मास्टर प्लान के तहत काम करें।

बैठक में सीएम ने कहा कि मेला क्षेत्र में नए घाटों का निर्माण, कांगड़ा घाट का विस्तार, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और डिजिटल सेवाओं को समय से पूरा किया जाए। उन्होंने आदेश दिए कि ट्रैफिक डायवर्जन, शटल सेवा, पिंक टॉयलेट, मोबाइल टॉयलेट, रियल-टाइम सूचना देने वाले मोबाइल ऐप, और अस्थायी अस्पतालों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए हर घाट पर लाइफगार्ड, सुरक्षा रस्सी और मोटर बोट उपलब्ध रहें। साथ ही, कर्मचारियों को अभी से प्रशिक्षण देकर यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालु उत्तराखंड से अच्छा अनुभव लेकर जाएं।मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को हर 15 दिन में कुंभ मेला तैयारियों की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए। बैठक में कई विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

