पहाड़ों की बारिश से हरिद्वार में गंगा उफान पर
हरिद्वार। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब मैदानों पर भी असर दिखा रही है। पहाड़ों से बरसते पानी के चलते हरिद्वार में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा उफान पर है और इसका असर गंगा किनारे रहने वाले इलाकों में साफ दिखाई देने लगा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है।

गंगा का जलस्तर बढ़ा, प्रशासन की बढ़ी चिंता
पिछले 24 घंटे से गंगा का पानी लगातार बढ़ रहा है। आपदा कंट्रोल रूम से हालात पर नज़र रखी जा रही है। गंगा किनारे के गांव और बस्तियों में रह रहे लोगों को समय-समय पर सतर्क रहने के संदेश दिए जा रहे हैं।

घरों तक पहुंचाया जा रहा अलर्ट संदेश
गंगा किनारे बसे लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है।
- पुलिस अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को आगाह किया जा रहा है।
- मंदिरों और मस्जिदों के माइक से भी सुरक्षा संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं।
- आपदा प्रबंधन दल लगातार निगरानी कर रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों का जायजा ले रहा है।
एसडीएम जितेंद्र कुमार की अपील
उप जिला अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि प्रशासनिक टीमें हालात पर पैनी नज़र बनाए हुए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गंगा किनारे न जाएं, सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद के लिए प्रशासन से संपर्क करें।
हरिद्वार में गंगा के बढ़ते जलस्तर ने प्रशासन को सतर्क कर दिया है। मानसून का असर अभी और तेज़ हो सकता है, ऐसे में जिला प्रशासन ने जनता को पूरी तरह सतर्क और सुरक्षित रहने की सलाह दी है। लोगों से अनुरोध है कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल प्रशासनिक घोषणाओं पर ही भरोसा करें।
