हरिद्वार में सूखी नदी बनी खतरा
हरिद्वार। हरिद्वार जिले में हो रही लगातार बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। भीमगोडा क्षेत्र की सूखी नदी अचानक उफान पर आ गई। तेज बहाव इतना खतरनाक था कि देखते ही देखते एक कार नदी में बहती हुई दिखाई दी। यह दृश्य देखकर आसपास के लोग सहम गए और इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रशासन ने जारी की सतर्कता अपील
स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रह रहे लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही लोगों को चेताया गया है कि वे नदी के पास न जाएं और बच्चों को भी वहां जाने से सख्ती से रोकें।

पहले भी सामने आ चुकी हैं खतरनाक तस्वीरें
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी इसी नदी में कई वाहन बारिश के बहाव में बह गए थे। इस बार भी पहाड़ों में हो रही मूसलाधार बारिश का सीधा असर हरिद्वार जैसे मैदानी जिलों में देखने को मिल रहा है।
लगातार बढ़ रहा जलस्तर, जनजीवन प्रभावित
नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे आसपास का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत व बचाव दल तैनात किए जाएंगे।
