पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और बीजेपी नेताओं पर हरक सिंह का पलटवार
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और अन्य बीजेपी नेताओं के बयानों पर पलटवार करते हुए बड़ा हमला बोला है।

“बीजेपी बताए किसने कितना पैसा दिया”
हरक सिंह ने कहा कि मैंने कब कहा कि बीजेपी में पैसा कैश आया? अगर चेक से भी पैसा आया है तो पार्टी को यह सूची सार्वजनिक करनी चाहिए कि आखिर किसने कितना पैसा दिया।यदि बीजेपी अपने पाप कम करना चाहती है तो मुख्यमंत्री राहत कोष में यह राशि जमा कराए, ताकि आपदाग्रस्त लोगों की मदद हो सके।

“मैंने कभी सत्ता की मलाई नहीं खाई”
उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कभी सत्ता का लाभ उठाकर निजी फायदा नहीं लिया। साथ ही कहा कि मैं हमेशा गरीबों की आवाज उठाता रहा हूं, यही वजह है कि बीजेपी नेताओं के पेट में दर्द होता है।मेरे लिए चुनाव या मंत्री पद महत्वपूर्ण नहीं है।
“मेरा मुंह मत खुलवाओ”
बीजेपी नेताओं को चेतावनी देते हुए हरक सिंह ने कहा कि अगर मेरा मुंह खुला तो कई कच्चे चिट्ठे सामने आ जाएंगे।मेरे खिलाफ फर्जी चार्जशीट लगाई गई।वे मुझपर पत्थर फेंकते हैं और मैं उनपर फूल फेंकूं, यह कैसे संभव है।
त्रिवेंद्र और ऋतू खंडूरी पर भी बयान
इस दौरान उन्होंने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी को लेकर भी तीखे बयान दिए और कहा कि पार्टी उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रही है।
हरक सिंह रावत का यह बयान राज्य की राजनीति में नए सियासी हलचल के संकेत दे रहा है।
