कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर 400 करोड़ के घोटाले का सनसनीखेज खुलासा किया है। रावत ने आरोप लगाया कि गरीब और बेघर लोगों के लिए चलाई जा रही यह योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी है।

हरक सिंह रावत ने बताया कि जब वह श्रम मंत्री थे, तब ‘उत्तरा आवास योजना’ के मालिकों ने लेबर सेस की राशि किस्तों में जमा करने की अनुमति मांगी थी। उन्होंने कंपनी को दस किस्तों में पैसा जमा करने की इजाजत दी थी। लेकिन हाल ही में जब वे देहरादून के चालांग गांव पहुंचे, तो पाया कि योजना के तहत बनने वाले 2 हजार फ्लैट्स गायब हैं और उनकी जगह आलीशान कोठियां खड़ी हो गई हैं।
रावत ने कहा कि यह घोटाला न सिर्फ बेघर मजदूरों और गरीबों के साथ धोखा है, बल्कि पीएम मोदी के 2023 तक हर गरीब को घर देने के वादे की भी पोल खोलता है। उन्होंने एमडीडीए और राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए इस घोटाले की रकम करीब 400 करोड़ रुपये बताई है। इस खुलासे ने उत्तराखंड सरकार को कठघरे में खड़ा कर दिया है और विपक्ष को सरकार पर हमला करने का बड़ा मुद्दा मिल गया है।

