दीपावली से पहले हल्द्वानी में 5 कुंतल से अधिक मिलावटी रसगुल्ला बरामद, खाद्य सुरक्षा विभाग के साथ अंशुल भट्ट की कार्रवाई।
हल्द्वानी। दीपावली के अवसर पर मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं, इसे देखते हुए ट्रेनी IAS अधिकारी अंशुल भट्ट और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस दौरान हल्द्वानी की टीम ने बरेली से आ रही रोडवेज बस से लगभग 5 कुंतल से अधिक रसगुल्ला बरामद किया।

चेकिंग गोरापड़ाव में की गई, जहां कई पीपे में भरे हुए रसगुल्ला बरामद हुए। बरामद रसगुल्लों के साथ जीएसटी बिल नहीं था, जिसे जीएसटी विभाग को भी सूचित किया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने रसगुल्लों की सैंपलिंग कराई, अगर सैंपल फेल हुआ तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का नेतृत्व प्रशिक्षुक IAS अधिकारी अंशुल भट्ट और खाद्य सुरक्षा विभाग, कुमाऊँ मंडल के राजेंद्र सिंह कठैत ने किया।
अंशुल भट्ट ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं, लेकिन सरकार किसी को भी नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने नहीं देगी। अलग-अलग टीमों के माध्यम से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है ताकि सभी नागरिक सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री तक पहुँच सकें। यह कार्रवाई हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में नागरिकों के लिए त्योहारों पर सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

