हल्द्वानी में मेयर गजराज बिष्ट ने नगर निगम परिसर में चार दिवसीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ किया।
हल्द्वानी। दीपावली के शुभ अवसर से पहले हल्द्वानी में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक खास पहल की गई है। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम परिसर में सोमवार को मेयर गजराज बिष्ट ने चार दिवसीय स्वदेशी मेले का शुभारंभ किया। इस मेले का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर निर्मित स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देना और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” अभियान देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मेले स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देंगे और छोटे कारीगरों व समूहों को आत्मनिर्भर बनने में मदद करेंगे।
उन्होंने आमजन से अपील की कि दीपावली के पर्व पर स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। इससे न केवल देसी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि स्थानीय परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ भी पहुंचेगा।

मेले में प्रदेशभर से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपने हस्तनिर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई है। इसमें मिट्टी के दीये, हस्तशिल्प, सजावटी सामान, हर्बल उत्पाद और पारंपरिक खाद्य सामग्री शामिल हैं। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी, जिससे यह आयोजन केवल एक बाजार नहीं बल्कि एक उत्सव का रूप ले रहा है।
