हल्द्वानी में शैलनट की नाट्य कार्यशाला FILE PHOTO
हल्द्वानी। हल्द्वानी में शैलनट द्वारा राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) एवं आनंदा एकेडमी के सहयोग से 27 अगस्त 2025 से 26 सितंबर 2025 तक एक माह की नाट्य कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला का निर्देशन NSD के रंगमंच विशेषज्ञ चंदन सिंह बिष्ट करेंगे, जबकि सहायक निर्देशक की भूमिका रचना बिष्ट निभाएंगी।

शैलनट के कला निर्देशक डॉ डीएन भट्ट ने बताया कि इस कार्यशाला में रंगमंच की विविध विधाओं पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। समय-समय पर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से आने वाले प्रशिक्षक प्रतिभागियों को अभिनय, निर्देशन, नाट्य लेखन, रूप सज्जा, संगीत, मंच सज्जा, प्रकाश सज्जा, वस्त्र विन्यास और व्यक्तित्व विकास जैसे आयामों का गहन प्रशिक्षण देंगे।
विशेषज्ञों की भागीदारी

कार्यशाला में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निदेशक चितरंजन त्रिपाठी, श्रीश डोभाल, फिल्म ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सुदर्शन जुयाल, तथा फिल्म और टीवी स्टार दानिश इकबाल सहित कई विशेषज्ञ रंगकर्म की विभिन्न विधाओं पर प्रशिक्षण देंगे।
नाट्य प्रस्तुति
इस कार्यशाला के दौरान तैयार किए गए नाटकों का मंचन हल्द्वानी, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय नाट्य समारोहों में किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियां
कार्यशाला की तैयारियों को लेकर आज आनंदा एकेडमी में वरिष्ठ रंगकर्मियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में शैलनट के अध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा, कला निदेशक डॉ डीएन भट्ट, आनंदा एकेडमी के निदेशक भूपेंद्र सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्या मीना बिष्ट और कई वरिष्ठ रंगकर्मी मौजूद रहे।
चयन प्रक्रिया
शैलनट के अध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि कार्यशाला में नए कलाकारों को विशेष अवसर दिया जाएगा। हालांकि, प्रशिक्षण के लिए सीमित सीटें हैं और प्रतिभागियों का चयन 26 अगस्त 2025 को आयोजित ऑडिशन के माध्यम से आनंदा एकेडमी में किया जाएगा।
