कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत
हल्द्वानी। लगातार बारिश और पेयजल लाइन लीकेज की वजह से हल्द्वानी की प्रमुख सड़कों नैनीताल रोड और रामपुर रोड समेत कई जगहों की हालत बेहद खराब हो गई है। इस स्थिति पर संज्ञान लेते हुए कुमाऊं कमिश्नर एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने सोमवार को लोक निर्माण विभाग और पेयजल विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सड़कों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर सड़कों की खस्ताहाल स्थिति देखकर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि जहां भी सड़क पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से दिखाई दें, उन्हें तुरंत दुरुस्त किया जाए।
कमिश्नर ने कहा कि सितंबर तक बारिश का मौसम रहता है, ऐसे में फिलहाल पूरी सड़क को नया बनाने के बजाय अस्थायी मरम्मत कार्य शीघ्र किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बरसात खत्म होते ही सभी जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की पूरी मरम्मत की जाए।

