हल्द्वानी में 18 सितंबर से गणेश पूजन के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा, 22 सितंबर को श्री राम विवाह का आयोजन।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में प्राचीन श्री रामलीला संचालन समिति की ओर से वार्षिक रामलीला की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समिति के सदस्य विवेक कश्यप ने बताया कि 18 सितंबर को गणेश पूजन के साथ दिन की लीला का शुभारंभ होगा।

22 सितंबर से रात्रि लीला का मंचन
मीडिया प्रभारी भवानी शंकर नीरज के अनुसार दिन की लीला के लिए भव्य व्यास मंच तैयार किया गया है और दर्शकों के मनोरंजन के लिए रंग-बिरंगी आतिशबाजी की विशेष व्यवस्था भी की जा रही है। 22 सितंबर से रात्रि लीला का मंचन श्री राधा रानी आदर्श रामलीला मंडल, बरसाना (मथुरा) की ओर से किया जाएगा।

श्री राम विवाह का भव्य आयोजन
तनुज गुप्ता ने जानकारी दी कि 22 सितंबर को नगर में श्री राम विवाह का भव्य आयोजन प्राचीन श्री शिव सेवा समिति के तत्वावधान में किया जाएगा, जिसमें नगरवासियों की बड़ी संख्या में भागीदारी होगी।
नई पोशाकें और भव्य पुतलों की तैयारी
अमित जोशी के निर्देशन में सभी पात्रों के लिए नई पोशाकें और मुकुट तैयार कराए जा रहे हैं। वहीं शंभू बाबा के निर्देशन में स्वर्ण लंका, स्वर्ण हिरण, जटायू, रावण, मेघनाथ, कुंभकर्ण, ताड़का और खरदूषण के पुतलों का निर्माण कार्य जोर-शोर से चल रहा है।
नगरवासियों में जबरदस्त उत्साह
आयोजन स्थल को सजाने-संवारने का काम लगातार जारी है। नगरवासियों में रामलीला को लेकर उत्साह चरम पर है और सभी आयोजन को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
