वनभूलपुरा से गौला पुल तक रास्ता बंद!
हल्द्वानी। हल्द्वानी क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते भू-स्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी के मद्देनज़र वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौला पुल तक का मार्ग जन-सुरक्षा की दृष्टि से अग्रिम आदेशों तक यातायात के लिए पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।

मार्ग पर बढ़ा खतरा
निर्माण खंड, लोक निर्माण विभाग हल्द्वानी की ओर से जारी पत्र में अवगत कराया गया है कि इस मार्ग पर बीते कुछ समय से लगातार भू-स्खलन और कटाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे मार्ग का बायां हिस्सा लगभग 140 मीटर तक अत्यधिक संकरा हो चुका है और अब तक केवल वन-वे ट्रैफिक ही संचालित किया जा रहा था।

स्थलीय निरीक्षण में सामने आई गंभीर स्थिति
सोमवार 4 अगस्त को सहायक अभियंता के साथ किए गए निरीक्षण में यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि मार्ग की स्थिति अत्यंत असुरक्षित है। लगातार हो रही बारिश के कारण भू-स्खलन की संभावना और बढ़ गई है, जिससे किसी भी आकस्मिक दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
परगना मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश
लोक निर्माण विभाग की संस्तुति के आधार पर ही परगना मजिस्ट्रेट राहुल शाह की ओर से जारी यह आदेश जारी किया गया है कि यह मार्ग पूरी तरह से बंद रहेगा। आदेश में साफ किया गया है कि ये निर्णय जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मार्ग के बजाय वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें।
