हल्द्वानी में औचक निरीक्षण के दौरान तहसीलदार और ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने तीन मेडिकल स्टोर्स को सील किया।
हल्द्वानी। भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रतिबंधित कफ सिरप की बिक्री पर रोक लगाने के अभियान के तहत शनिवार को हल्द्वानी शहर में बड़ी कार्रवाई की गई। तहसीलदार कुलदीप पांडे और ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी बिष्ट के नेतृत्व में संयुक्त निरीक्षण दल ने कई मेडिकल स्टोर्स पर औचक छापेमारी की।

निरीक्षण के दौरान टीम ने तीन मेडिकल स्टोर्स को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान दुकानदारों को बिना मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित कफ सिरप — COLDIRF Syrup और Dextromethorphan Hydrobromide Syrup IP बेचते हुए पकड़ा गया।
निरीक्षण टीम ने मौके पर ही दुकानों को औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम, 1945 के तहत सील किया। साथ ही स्टॉक का पंचनामा तैयार कर नमूने जब्त किए गए। अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई स्वास्थ्य सुरक्षा और नशे के बढ़ते दुरुपयोग को रोकने के लिए की जा रही है।

पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी नैनीताल और वरिष्ठ औषधि निरीक्षक को भेजी जा रही है। साथ ही अन्य मेडिकल स्टोर्स को भी चेतावनी दी गई है कि यदि भविष्य में कोई अनियमितता पाई गई तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
