हल्द्वानी में 48 घंटे से मूसलाधार बारिश
हल्द्वानी। कुमाऊं में पिछले 48 घंटे से जारी भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी से लेकर मैदानी इलाकों तक जगह-जगह सड़कों पर मलबा आने से यातायात ठप हो गया है। नदियां और नाले उफान पर हैं, जिससे निचले इलाकों में खतरा बढ़ गया है।

नदियां खतरे के निशान से ऊपर
गौला, कोसी और नंधौर नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी है। हल्द्वानी के चोरगलिया में शेरनाला उफान पर आने से यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

सड़कें मलबे से बाधित
नैनीताल रोड पर कई जगह मलबा गिरने से आवाजाही प्रभावित हुई है। अल्मोड़ा–नैनीताल हाईवे क्वारब के पास मलबा आने से बंद हो गया है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में नदियों के भू कटाव से किसानों की फसल और खेतों पर संकट खड़ा हो गया है।
राहत और बचाव अभियान
काठगोदाम और लालकुआं क्षेत्र से कई परिवारों को आपदा राहत कैंपों में शिफ्ट किया गया है। एडीएम विवेक राय ने लोगों से अपील की है कि आवश्यक होने पर ही पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा करें और बेवजह घरों से बाहर न निकलें। प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें 24 घंटे एक्टिव मोड पर हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
