हल्दूचौड़ मुख्य बाजार में आत्महत्या करने वाले व्यापारी दंपति के घर के बाहर जमा भीड़ और पुलिस जांच।
हल्दूचौड़। हल्द्वानी के हल्दूचौड़ मुख्य बाजार में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी दुम्का ट्रेडर्स के मालिक रमेश दुम्का (65) और उनकी पत्नी कमला दुम्का (50) ने अपने घर की पहली मंजिल पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और बाजार में सन्नाटा छा गया।

दोनों के शव अलग-अलग कमरों में लटके मिले
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात परिवार के सदस्य रोज़ की तरह अपने-अपने कमरों में सोने गए थे। सुबह जब काफी देर तक दंपति कमरे से बाहर नहीं आए, तो बेटा उन्हें देखने पहुंचा। कमरे में प्रवेश करते ही उसने पिता का शव पंखे से लटका देखा, जिसके बाद वह घबराकर दूसरे कमरे में गया, जहां मां की भी वही हालत थी। परिजनों ने सदमे में शव नीचे उतार लिए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

कर्ज और आर्थिक तनाव से टूट चुके थे रमेश दुम्का
स्थानीय लोगों और परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से रमेश दुम्का व्यापार में घाटे, बढ़ते कर्ज और आर्थिक दबाव के कारण परेशान चल रहे थे। संभावना है कि इसी मानसिक तनाव ने दंपति को यह कदम उठाने पर मजबूर किया, हालांकि पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर किया निरीक्षण
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घर की जांच की। इसके बाद फोरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया ताकि सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण किया जा सके। एसएसपी कार्यालय से भी कहा गया है कि मामले की जांच बेहद संवेदनशीलता और गंभीरता से की जाएगी।
व्यापारी समाज में शोक, क्षेत्र में मातम का माहौल
रमेश दुम्का व्यापारिक क्षेत्र में अपनी सादगी, मिलनसार स्वभाव और सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते थे। घटना के बाद से घर के बाहर लोगों की भीड़ लगी हुई है और परिवार सदमे में है। पूरे बाजार में मातम का माहौल है।
तीन बच्चे, पहली पत्नी का 15 साल पहले निधन
रमेश दुम्का की पहली पत्नी का लगभग 15 वर्ष पहले निधन हो गया था, जिसके बाद उन्होंने दूसरी शादी की थी। दंपति के एक बेटा और दो बेटियाँ हैं, सभी की शादी हो चुकी है।
विधायक मोहन बिष्ट मौके पर पहुँचे
घटना की जानकारी मिलते ही लालकुआं विधायक मोहन बिष्ट भी मौके पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और दर्दनाक घटना है। पुलिस और फोरेंसिक टीम पूरा विश्लेषण कर रही हैं। सच्चाई सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
