प्रशासन ने किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया
हल्द्वानी। कुमाऊं क्षेत्र में मानसून ने एक बार फिर अपना कहर दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार भारी बारिश के चलते गौला नदी उफान पर आ गई है, जिससे काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पीछे नदी किनारे बसे मकानों पर खतरा मंडराने लगा है।

प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई
खतरे को देखते हुए एसडीएम राहुल शाह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, तहसीलदार मनीषा बिष्ट और सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने टीमों के साथ मिलकर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया। जिन लोगों के पास रहने की वैकल्पिक व्यवस्था नहीं थी, उनके लिए प्रशासन ने रैन बसेरे में ठहरने की सुविधा उपलब्ध कराई है।

रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और नदी किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी है।
सुरक्षा सर्वोपरि
प्रशासन ने कहा कि लोगों की जान और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए प्रभावित परिवारों को तब तक सुरक्षित स्थानों पर ही रखा जाएगा जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते।
