विसर्जन को लेकर पहाड़ी आर्मी का विरोध
हल्द्वानी। हल्द्वानी और राज्य के कई हिस्सों में गणेश महोत्सव की धूम धाम के साथ शुरुआत हो गई है। रंग-बिरंगी सजावट, भक्तिमय वातावरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच, हल्द्वानी में गणेश विसर्जन को लेकर विरोध भी शुरू हो गया है।

दरअसल स्थानीय संगठन पहाड़ी आर्मी ने इस विषय को गंभीर मानते हुए एसडीएम हल्द्वानी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा है। संगठन का कहना है कि गणेश विसर्जन उत्तराखंड की सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा नहीं है।
पहाड़ी आर्मी के संस्थापक हरीश रावत ने कहा, “यह देवभूमि है। उत्तराखंड में गणेश जी का वास है और ऐसे में विसर्जन का चलन यहाँ नहीं होना चाहिए। यह प्रथा मुंबई और अन्य राज्यों में होती है, लेकिन यहाँ इसे अपनाना भविष्य के लिए सही संकेत नहीं है। सरकार को इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए। यदि ऐसा नहीं किया गया, तो हमारा संगठन सड़क पर उतर कर गणेश विसर्जन का विरोध करेगा।”

वहीं, दूसरी ओर भक्तिमय माहौल में लोग उत्साह के साथ गणेश महोत्सव मना रहे हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि उत्तराखंड में परंपरा और आधुनिक प्रथाओं के बीच संतुलन बनाना अब चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है।
