हल्द्वानी में नगर निगम और प्रशासन की टीम ने खाद्य पदार्थ बनाने वाली चार अवैध फैक्ट्रियों पर छापेमारी कर उन्हें सील किया।
हल्द्वानी। दीपावली से पहले मिलावटी और अवैध खाद्य उत्पादों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शनिवार को प्रशासनऔरनगरनिगमकीसंयुक्तटीम ने शहर में छापेमारी की। सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान, एसडीएम राहुल शाह, नगर आयुक्त ऋचा सिंह और तहसीलदार कुलदीप पांडे के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में चार फैक्ट्रियों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

अभियान के दौरान एक फैक्ट्री अब्दुल्ला बिल्डिंग में, दो गांधी नगर में और एक बनभूलपुरा थाना के पीछे संचालित पाई गईं। निरीक्षण में अधिकारियों ने पाया कि इन फैक्ट्रियों में गंदगी और अस्वच्छ माहौल में खील, खिलौने और बताशे जैसे खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में इन उत्पादों में जहरीले रासायनिक तत्वों के उपयोग की आशंका जताई गई है।
टीम ने मौके से उत्पादों के नमूने लेकर फूड एंड सेफ्टी विभाग को लैब जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन ने त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी करने वालों को चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान टीम को “हाइड्रो” नामक एक पदार्थ भी बरामद हुआ, जिसे खाद्य पदार्थों में उपयोग के लिए अनुपयुक्त बताया गया है। हालांकि फैक्ट्री संचालक का दावा है कि यह पदार्थ केवल चीनी की चाशनी को साफ करने के लिए इस्तेमाल होता है। अब प्रशासन इस दावे की जांच करेगा और आगे की कार्रवाई उसी के आधार पर की जाएगी।

