जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल आरटीओ हल्द्वानी में औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को सम्भागीय परिवहन कार्यालय (RTO) हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं और जनसुविधाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को मौके पर आवश्यक निर्देश दिए।

आरटीओ में कोई भी एजेंट अधिकृत नहीं
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आरटीओ कार्यालय में किसी भी एजेंट को अधिकृत नहीं किया गया है। यदि कोई बाहरी व्यक्ति या एजेंट कार्यालय में कार्यों में संलिप्त पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जनहित से जुड़े कार्यों में बाहरी दखल बर्दाश्त नहीं
डीएम रयाल ने कहा कि आरटीओ कार्यालय से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, नवीनीकरण और मोटर वाहन से जुड़े कार्य किए जाते हैं, जो सीधे तौर पर आम जनता से जुड़े होते हैं। ऐसे में इन कार्यों में बाहरी व्यक्तियों की संलिप्तता कदापि स्वीकार्य नहीं है।
ड्रेस कोड, नेम प्लेट और आई-कार्ड अनिवार्य
जिलाधिकारी ने परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में सभी कर्मचारी ड्रेस कोड में आएं, उनके पास नेम प्लेट और पहचान पत्र (आई-कार्ड) होना अनिवार्य किया जाए। साथ ही जिस पटल पर कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां पटल की नेम प्लेट भी स्पष्ट रूप से लगी हो, ताकि आमजन को सही जानकारी और सुविधा मिल सके।
सीसीटीवी, शिकायत पेटी और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने निर्देश दिए कि आरटीओ कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे चालू अवस्था में हों, शिकायत पेटी उपलब्ध हो और कार्यालय की नियमित मॉनिटरिंग व चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग शीघ्र कार्य कराने का दावा करते हैं, उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।
मुख्य गेट पर लगेगा जागरूकता फ्लेक्सी
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि आरटीओ कार्यालय के मुख्य गेट पर एक फ्लेक्सी लगाई जाए, जिसमें स्पष्ट रूप से अंकित हो कि—
- इस कार्यालय में सरकार द्वारा कोई एजेंट अधिकृत नहीं है
- सभी नागरिक सेवाएं निर्धारित दरों पर और समयबद्ध तरीके से प्रदान की जाती हैं
व्यवस्थाएं जल्द दुरुस्त करने के निर्देश
डीएम रयाल ने परिवहन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से दुरुस्त की जाएं, ताकि आमजन को पारदर्शी और सुगम सेवाएं मिल सकें।
