कांग्रेस ने पुष्पा नेगी को बनाया उम्मीदवार
हल्द्वानी। नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर रविवार को हल्द्वानी में कांग्रेस ने अपना दमखम दिखाया। रविवार को नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक सुमित हृदयेश और पूर्व विधायक संजीव आर्य ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी की रणनीति और दावेदारी का ऐलान किया। कांग्रेस ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पुष्पा नेगी और उपाध्यक्ष पद के लिए देवकी बिष्ट को उम्मीदवार घोषित किया है।

पर्याप्त समर्थन का किया दावा
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि उनके पास पर्याप्त संख्या में जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन है और जीत तय है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि हमारे पास बहुमत है, भाजपा को हर हाल में हार का सामना करना पड़ेगा।


भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर धनबल और बाहुबल का इस्तेमाल कर चुनाव में दबाव बनाने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की किसी भी कोशिश को कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि भाजपा हर स्तर पर दबाव बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता और जनप्रतिनिधि हमारे साथ हैं।

मतदान के दिन नैनीताल में पूरी टीम मौजूद
कांग्रेस ने गड़बड़ी की आशंका जताते हुए कहा कि मतदान के दिन पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता नैनीताल में मौजूद रहेंगे, ताकि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।
नव-निर्वाचित सदस्यों की मौजूदगी
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कई नव-निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य भी मौजूद रहे, जिन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों को समर्थन देने का ऐलान किया।
