कांग्रेस नेता ललित जोशी के नेतृत्व में हल्द्वानी में रजिस्ट्रार को ज्ञापन सौंपते हुए कार्यकर्ता।
हल्द्वानी। हल्द्वानी में सर्किल रेटों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ललित जोशी के नेतृत्व में शहर के नागरिकों ने रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जमीन की कीमतों में 400 गुना तक बढ़ोतरी आम आदमी के लिए न्यायसंगत नहीं है। कांग्रेस नेता ललित जोशी ने बताया कि रोटी, कपड़ा और मकान हर व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति शहर में थोड़ी जमीन खरीदकर मकान बनाना चाहता है, तो सरकार की यह नीति आम आदमी के सपनों को तोड़ने का काम कर रही है।

सरकार और आम जनता के बीच बढ़ती खटास
ज्ञापन सौंपते हुए ललित जोशी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा सर्किल रेटों में की गई यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम जनता पर आर्थिक दबाव डालती है। उनका कहना है कि वर्तमान में यह कदम किसानों, छोटे व्यापारियों और घर बनाने वाले लोगों के हितों के खिलाफ है।

आगामी आंदोलन की तैयारी
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को आम सभा आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस सभा में आगे की आंदोलन रणनीति तय की जाएगी।
