BLM स्कूल बस दुर्घटनाग्रस्त
हल्द्वानी।गुरुवार सुबह हल्द्वानी के मोटाहल्दू क्षेत्र के ग्राम पदमपुर देवलिया में बड़ा हादसा हो गया। बीएलएम एकेडमी की एक निजी स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के समय बस में 36 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में करीब 10 से 15 बच्चों को चोटें आईं, जबकि बस परिचालक का पैर फ्रैक्चर हो गया। मौके पर अफरातफरी मच गई और तुरंत घायलों को मुखानी स्थित साईं अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने बच्चों को टिटनेस इंजेक्शन लगाए हैं और गंभीर रूप से घायल बच्चों का एक्स-रे कराया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस रामपुर रोड क्षेत्र से बच्चों को लेकर स्कूल की ओर जा रही थी। इस दौरान जयपुर बीसा चौराहे पर सामने से आ रहे एक अन्य स्कूल वाहन को बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
