हल्द्वानी में एसडीएम कोर्ट पर धरना
हल्द्वानी। भारी बरसात के बीच देवखड़ी नाले क्षेत्र को खाली कराने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय परिवार के बीच विवाद गहरा गया है। मामला तब तूल पकड़ गया जब सिटी मजिस्ट्रेट के खिलाफ परिवार ने अभद्र व्यवहार और जबरन घर में ताला लगाने का आरोप लगाते हुए एसडीएम कोर्ट पर धरना शुरू कर दिया।

परिवार का कहना है कि भारी बारिश के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घर खाली करने को कहा। आरोप है कि बिना किसी पूर्व नोटिस के पहले भी उनका घर तोड़फोड़ का शिकार हुआ था और कल फिर अफसर ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए घर में ताला लगा दिया। धरने पर बैठे परिवार ने प्रशासन से न्याय की मांग की है और कहा है कि बरसात के बीच इस तरह की कार्रवाई से उनका जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सिटी मजिस्ट्रेट का पक्ष

इस विवाद पर सिटी मजिस्ट्रेट का कहना है कि भारी बरसात के दौरान देवखड़ी नाले के किनारे रहने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि दिनभर फील्ड में रहने की वजह से कभी-कभार ऐसी स्थिति बन जाती है, लेकिन हमारा उद्देश्य केवल लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना था, न कि किसी को परेशान करना।
प्रशासन की चुनौती
भारी बारिश के बीच नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन लगातार अलर्ट मोड पर है। ऐसे में अवैध कब्जों और जोखिम भरे क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है।
