उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी टीम में कोई नया चेहरा नहीं है।
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस में बड़े बदलाव के तहत गणेश गोदियाल को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। उनके नियुक्त होते ही भाजपा की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने गणेश गोदियाल को बधाई दी, लेकिन साथ ही कांग्रेस पर तंज कसना भी नहीं छोड़ा।

भट्ट ने कहा कि हम उत्तराखंड के मुख्य विपक्षी दल को बधाई देते हैं कि देर से ही सही, उन्होंने अपनी टीम बनाई है। लेकिन कांग्रेस की इस नई टीम में कुछ भी नया नहीं दिख रहा। ज़्यादातर वही पुराने चेहरे हैं जो पहले भी नेतृत्व में रहे हैं।
‘पुरानी बोतल में नया पैकेज’, भाजपा का व्यंग्य

महेंद्र भट्ट ने आगे कहा कि कांग्रेस की नई टीम में गणेश गोदियाल पहले भी अध्यक्ष रह चुके हैं, जबकि प्रीतम सिंह भी पहले इस पद पर रह चुके हैं। ऐसे में ये टीम ‘नई’ कहने लायक नहीं है। भट्ट ने हंसते हुए कहा कि ये नई टीम नहीं, बल्कि पुरानी बोतल में नया पैकेज है।
हरक सिंह रावत के आने से कांग्रेस में हलचल संभव
भट्ट ने यह भी कहा कि हालांकि कांग्रेस में हरक सिंह रावत की वापसी से थोड़ी हलचल जरूर देखने को मिलेगी, लेकिन संगठन की दिशा वही पुरानी रहेगी। उन्होंने कहा कि हरक सिंह की वापसी कांग्रेस के अंदर उथल-पुथल जरूर ला सकती है, लेकिन जनता अब भाजपा के साथ है और कांग्रेस से उम्मीदें कम हैं।
कांग्रेस में फिर से पुराना समीकरण सक्रिय
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि गणेश गोदियाल के दोबारा अध्यक्ष बनने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस में फिर से पुराने समीकरण सक्रिय हो गए हैं। अब देखना होगा कि कांग्रेस इस बार लोकसभा चुनावों में नई रणनीति के साथ उतरती है या फिर पुराने ढर्रे पर ही चलती है।
