ऋषिकेश तपोवन में सस्ते iPhone बेचने के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी कॉल सेंटर का टिहरी पुलिस ने भंडाफोड़ किया।
टिहरी। टिहरी पुलिस ने ऋषिकेश के तपोवन क्षेत्र में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। यह कॉल सेंटर सस्ते आईफोन बेचने के नाम पर लोगों से ठगी करने का काम कर रहा था। साइबर सेल, सीआईयू टीम और मुनिकीरेती पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इस गिरोह का खुलासा हुआ है।

6 सदस्यीय गैंग, 3 गिरफ्तार – 3 फरार
पुलिस के मुताबिक, इस गैंग में कुल 6 सदस्य शामिल हैं। इनमें से 3 आरोपियों को पुलिस ने तपोवन से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है। पूछताछ में पता चला है कि ये आरोपी देश के कई राज्यों में करोड़ों रुपये की ठगी कर चुके हैं।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से चलती थी ठगी की गतिविधि
गिरोह के सदस्य सस्ते आईफोन बेचने के नाम पर ऑनलाइन विज्ञापन डालते थे। इसके बाद फिर लोगों को फोन और सोशल मीडिया के जरिए झांसा देकर एडवांस पेमेंट मंगवाते थे। इसके बाद वे ग्राहकों का संपर्क नंबर ब्लॉक कर देते थे। आरोपी ऑनलाइन बेटिंग एप्स के जरिये ठगी की रकम का लेन-देन करते थे ताकि ट्रांजैक्शन का पता न चल सके।
देशभर में 36 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गैंग के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 36 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन मामलों में साइबर ठगी, बैंक फ्रॉड और फर्जी ऑनलाइन बिक्री जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
पुलिस को बड़ी सफलता – भारी सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, कई बैंकों की पासबुक, एटीएम कार्ड और प्री-एक्टिवेटेड सिम कार्ड बरामद किए हैं। साइबर टीम अब इनके डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच कर रही है ताकि ठगी के नेटवर्क की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
एसएसपी टिहरी ने की कार्रवाई की पुष्टि
एसएसपी टिहरी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया गया है। उन्होंने कहा कि अभियुक्तों की पहचान की जा चुकी है, फरार सदस्यों की तलाश जारी है और इनके खिलाफ ठोस सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के इस गिरोह का नेटवर्क काफी बड़ा है, जो विभिन्न राज्यों में सक्रिय था।
साइबर अपराध पर पुलिस की सख्ती
टिहरी पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तराखंड पुलिस साइबर अपराधों पर सख्त निगरानी रखे हुए है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन सस्ते मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वेबसाइट या विज्ञापन से दूरी बनाए रखें।
