शराब के नशे में बस चला रहा था चालक
देहरादून। मंगलवार को सोनप्रयाग से बद्रीनाथ जा रही बस में सवार लगभग 36 यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई। बस चालक शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चला रहा था। बद्रीनाथ से करीब 5 किलोमीटर पहले बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर बढ़ी। स्थिति बिगड़ती देख यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस से उतरकर 112 नंबर पर सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना बद्रीनाथ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सीय परीक्षण में पुष्टि हुई कि चालक शराब के नशे में था। पुलिस ने बस को एम.वी. एक्ट के तहत सीज कर दिया है और चालक का लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु भेज दिया गया है।
इस घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि यात्रियों की सतर्कता बड़े हादसों को टाल सकती है। पुलिस ने अपील की है कि सड़क पर किसी भी तरह की लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पाए जाने पर तुरंत 112 नंबर पर सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जनहानि से बचा जा सके।

