इमलीघाट मैदान में आयोजित बैठक में चालक कल्याण समिति का गठन हुआ, अध्यक्ष बने हुकम सिंह कोरंगा
नैनीताल। शनिवार को इमलीघाट मैदान में नैनीताल और उधमसिंह नगर के सैकड़ों वाहन चालकों ने एक बड़ी बैठक की। लंबे समय से उपेक्षित समस्याओं को सामने रखते हुए चालक कल्याण समिति का गठन किया गया।

हुकम सिंह कोरंगा बने अध्यक्ष
बैठक में सर्वसम्मति से हुकम सिंह कोरंगा को समिति का अध्यक्ष चुना गया। संरक्षक मंडल में पियूष जोशी, लाखन सिंह मेहता, जीवन जोशी और भूपेंद्र कोरंगा को शामिल किया गया।

चालकों का छलका दर्द: बीमा और वेतन पर सबसे बड़ी चिंता
चालकों ने बताया कि उन्हें हर महीने नियमित वेतन नहीं मिलता और बीमा सुरक्षा की भी भारी कमी है। अधिकांश वाहन मालिक केवल थर्ड पार्टी बीमा कराते हैं, जिससे दुर्घटना की स्थिति में परिवार को पर्याप्त सहायता नहीं मिलती।
सरकार से बीमा और नियमित वेतन की मांग
चालकों ने सरकार से मांग की कि जिस तरह वाहन का बीमा अनिवार्य है, उसी तरह चालकों का विशेष दुर्घटना बीमा भी अनिवार्य होना चाहिए। साथ ही नियमित वेतन और अन्य सुविधाओं की गारंटी होनी चाहिए।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिया समर्थन
समाजसेवी पियूष जोशी और लाखन सिंह मेहता ने कहा कि चालकों और मालिकों को मिलकर संघर्ष करना होगा। जब मालिकों को बेहतर रेट मिलेगा, तभी चालकों को समय पर वेतन और अन्य सुविधाएं मिल पाएंगी।
समिति करेगी पंजीकरण, मांग पत्र पहुंचेगा पीएम और सीएम तक
बैठक में तय हुआ कि समिति का जल्द ही पंजीकरण कराया जाएगा और लेबर कमिश्नर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मांग पत्र भेजा जाएगा।
चालकों की जिंदगी में सुधार की उम्मीद
समिति का मानना है कि सरकार और समाज की मदद से चालकों के जीवन में बड़ा सुधार हो सकता है। यह समिति भविष्य में चालकों के अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूत कदम उठाएगी।
