शिक्षकों और कर्मचारियों ने आपदा राहत कोष में दिया एक दिन का वेतन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज शासकीय आवास में दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलपति ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय के शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन आपदा प्रभावित लोगों की मदद के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में योगदान स्वरूप भेंट किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस सामूहिक सहयोग भावना की सराहना करते हुए कहा कि दून विश्वविद्यालय का यह कदम शैक्षणिक संस्थानों की सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य के अन्य शैक्षणिक, सामाजिक और निजी संस्थान भी आपदा राहत कार्यों में इसी तरह आगे आएंगे।
सीएम ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में त्वरित राहत और पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित कर रही है। जन सहयोग से यह कार्य और अधिक प्रभावी और तेज गति से संपन्न हो सकेगा।

