मिठाई प्रतिष्ठान पर कार्रवाई करती खाद्य सुरक्षा टीम
हल्द्वानी। दीपावली पर्व के मद्देनज़र खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून और जिला प्रशासन नैनीताल के निर्देश पर बुधवार को हल्द्वानी और लालकुआं में बड़े स्तर पर खाद्य निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान मिठाई के कुल चार नमूने लिए गए। हल्द्वानी में एक मशहूर कंपनी की काजू कतली में फंगस की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने तत्काल एक्शन लिया और शिकायती बैच नंबर का सैंपल मौके पर ही सील कर जांच के लिए रुद्रपुर की राजकीय खाद्य एवं औषधि विश्लेषणशाला भेजा गया।

गुणवत्ता जांच के लिए भेजे गए सभी सैंपल
खाद्य सुरक्षा टीम ने अभियान के दौरान कुल चार मिठाई के नमूने भरे और 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नियमों के तहत होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध खाद्य सामग्री की शिकायत तुरंत विभाग को करें और केवल उच्च गुणवत्ता वाली मिठाई और खाद्य सामग्री का ही सेवन करें।
अभियान में शामिल अधिकारी
इस अभियान में उपायुक्त कुमाऊं मंडल खाद्य संरक्षण राजेंद्र सिंह कठायत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नैनीताल अनिल कुमार मिश्रा, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी अभय कुमार सिंह, तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी ग्रामीण नंद किशोर शामिल रहे। विभाग ने कहा कि त्योहारों के दौरान यह अभियान जारी रहेगा।
