जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के चुनाव
देहरादून। उत्तराखंड में जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के पदों के लिए चुनाव की तारीख तय कर दी गई है। गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने अधिसूचना जारी करते हुए स्पष्ट किया कि 14 अगस्त को पूरे प्रदेश (हरिद्वार को छोड़कर) में इन पदों के लिए मतदान और मतगणना एक ही दिन कराई जाएगी।

चुनाव प्रक्रिया को लेकर आयोग ने सभी जिलों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं, ताकि निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे। पंचायत प्रतिनिधियों में इस घोषणा के बाद हलचल तेज हो गई है।
चुनाव कार्यक्रम

नामांकन दाखिल –
11 अगस्त 2025 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक
नाम वापसी –
12 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक
मतदान एवं मतगणना –
14 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक
(मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और परिणाम उसी दिन घोषित होंगे)
राज्य के सभी जिलों में डीएम और पंचायत विभाग को प्रशासनिक तैयारी के आदेश दे दिए गए हैं। यह चुनाव पंचायत व्यवस्था के तीसरे स्तंभ को मजबूती देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक सरगर्मियां तेज
चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी दलों में रणनीति तैयार होने लगी है। जिला पंचायत और ब्लॉक प्रमुख जैसे पद न केवल ग्रामीण राजनीति का चेहरा होते हैं, बल्कि राज्यस्तरीय राजनीति में भी इनकी भूमिका अहम मानी जाती है। राज्य निर्वाचन अधिकारी ने यह भी कहा है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी और किसी भी तरह के दबाव या अनुचित प्रभाव को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
