विधायक बिशन सिंह चुफाल ने सोशल मीडिया पर आदेश की कॉपी शेयर कर मैदान विस्तार पर दी जानकारी
डीडीहाट। डीडीहाट में पिछले कुछ दिनों से खेल के मैदान को लेकर सियासत गरमा गई थी। स्थानीय कार्यकर्ता और विधायक बिशन सिंह चुफाल के बीच बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद मामला और तूल पकड़ गया। अब विधायक चुफाल ने इस पूरे विवाद पर अपना जवाब सामने रखा है।

विधायक बिशन सिंह चुफाल ने एक आधिकारिक आदेश की कॉपी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए साफ किया कि डीडीहाट इंटर कॉलेज में ही खेल मैदान का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए वहां बनी पानी की टंकी और कुछ पेड़ हटाए जाएंगे, ताकि मैदान को खिलाड़ियों के लिए और बड़ा व आधुनिक बनाया जा सके।
विधायक ने अपनी पोस्ट में लिखा कि झूठ में बाहरी आकर्षण हो सकता है, लेकिन स्थिरता सत्य में ही होती है। झूठ से तात्कालिक लाभ या ध्यान आकर्षित किया जा सकता है लेकिन यह लंबे समय तक चलने वाला नहीं होता है। उनके इस बयान के बाद अब स्पष्ट हो गया है कि खेल मैदान को लेकर फैल रही अफवाहें निराधार हैं और मैदान की लोकेशन में कोई बदलाव नहीं होगा। स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों ने भी इस फैसले का स्वागत किया है।

