स्पीकर ऋतु खंडूड़ी नाराज़
देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में प्रोटोकॉल की अनदेखी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी को नाराज़ कर दिया। इस लापरवाही के खिलाफ विधानसभा सचिवालय ने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

मुख्य सचिव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिव सूचना शैलेश बगोली और जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल से तुरंत जवाब तलब किया है। सवाल यह उठ रहा है कि जब विधानसभा अध्यक्ष को समारोह का निमंत्रण दिया गया था, तो मंच पर उनके बैठने की समुचित व्यवस्था क्यों नहीं की गई?

यह पहली बार नहीं है जब देहरादून में इस तरह की प्रोटोकॉल चूक हुई है। इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के दौरे के दौरान भी इसी तरह की खामी सामने आई थी। सूत्रों के अनुसार, ऋतु खंडूड़ी इस पूरे घटनाक्रम से आहत हैं और इसे संवैधानिक पद की गरिमा से जोड़कर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। अब सभी की निगाहें शासन स्तर पर इस मामले में होने वाली कार्रवाई और जिम्मेदारी तय करने पर हैं।

