मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून-पिथौरागढ़ विमान सेवा का शुभारंभ किया
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। इस नई सेवा का संचालन Alliance Air द्वारा 42 सीटर विमान के माध्यम से किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी के पावन अवसर पर शुरू हुई यह सेवा राज्य के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के लिए एक बड़ी सौगात है। अब देहरादून से पिथौरागढ़ की दूरी मात्र एक घंटे में तय की जा सकेगी, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
हवाई सेवा बनी ‘जीवन रेखा’

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि “जीवन रेखा” बन चुकी हैं। दुर्गम क्षेत्रों में जरूरी सामान पहुंचाने, आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को बड़े अस्पतालों तक ले जाने और पर्यटन को बढ़ावा देने में हवाई सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उड़ान योजना से बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2016 में शुरू की गई UDAN योजना ने देश में क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को नई दिशा दी है। इस योजना के तहत छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़कर आम नागरिकों को सस्ती दरों पर यात्रा का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में केंद्र सरकार ने उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है, जिसके अंतर्गत अगले 10 वर्षों में लगभग 29 हजार करोड़ रुपये के निवेश से 100 नए हवाई अड्डे और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इसका लाभ विशेष रूप से टियर-2, टियर-3 और पहाड़ी क्षेत्रों को मिलेगा।
उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रही एयर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि वर्तमान में उड़ान योजना के अंतर्गत राज्य में 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। वर्ष 2023 में शुरू की गई “उत्तराखंड एयर कनेक्टिविटी योजना” के तहत 6 हवाई मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 हो चुकी है। इसके अलावा उत्तराखंड को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हुआ है।
सीमांत क्षेत्रों को मिलेगा विकास का नया रास्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून–पिथौरागढ़ हवाई सेवा से सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि पहले इन क्षेत्रों की उपेक्षा हुई, लेकिन अब केंद्र और राज्य सरकार मिलकर इन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ रही हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पिथौरागढ़ और मुनस्यारी के बीच हेली सेवा भी शुरू की जा चुकी है, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है।
पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नैनी सैनी एयरपोर्ट को लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और उत्तराखंड सरकार के बीच इसके अधिग्रहण के लिए एमओयू भी किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से इस सेवा के शुभारंभ पर बधाई दी और राज्य में हवाई सुविधाओं को और मजबूत करने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
