देहरादून में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समझाते डीएम सवीन बंसल और एसएसपी अजय सिंह
देहरादून। उत्तराखंड में पेपर लीक प्रकरण को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच जिलाधिकारी सवीन बंसल और एसएसपी अजय सिंह शुक्रवार को प्रदर्शन कर रहे युवाओं से मिलने गांधी पार्क पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों को समझाने का प्रयास किया और उनकी मांगों को लेकर सरकार की मंशा से अवगत कराया।

छात्रों ने ठुकराया प्रशासन का प्रस्ताव
हालांकि, जिलाधिकारी के प्रस्ताव को प्रदर्शनकारी छात्रों ने ठुकरा दिया और स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

छात्रों का भविष्य सरकार की प्राथमिकता: डीएम
मीडिया से बातचीत में डीएम सवीन बंसल ने कहा कि छात्र-छात्राओं का भविष्य सरकार की प्राथमिकता है। पिछले तीन से चार सालों में 25 हजार से अधिक पारदर्शी भर्तियां हुई हैं, जो सरकार की ईमानदार मंशा को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि विरोधी ताकतों के खिलाफ सख्त कानून लागू किया गया है और किसी भी इनपुट पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
एसआईटी जांच पूरे प्रदेश तक फैली
डीएम ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि जांच का दायरा अब पूरे प्रदेश के हर सेंटर तक बढ़ा दिया गया है। एक विशेष एसआईटी गठित कर जांच की रफ्तार और तेज की गई है।
