दून मेडिकल कॉलेज के पीजी हॉस्टल में अर्धनग्न पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम।
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एक बार फिर अनुशासनहीनता की घटना को लेकर सुर्खियों में है। शनिवार देर रात कॉलेज के पीजी हॉस्टल में छात्रों ने डीजे की तेज आवाज पर अर्धनग्न पार्टी आयोजित कर जमकर हुड़दंग मचाया। मामला सामने आने के बाद कॉलेज प्रशासन ने 1 छात्र को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया है, जबकि अन्य छात्रों पर 5,000–5,000 का जुर्माना लगाया गया है।

कॉलेज की प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज कोई नाइट क्लब नहीं है। अनुशासन भंग करने वाले किसी भी छात्र को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी आयोजित करने वाले छात्र पर 10,000 का जुर्माना लगाकर उसे हॉस्टल से निकाल दिया गया है।
वायरल वीडियो ने खोली मेडिकल छात्रों की पोल

यह घटना 11 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे की है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि कुछ छात्र अर्धनग्न होकर तेज डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे। शिकायत मिलने पर चीता पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन कुछ छात्रों ने पुलिस से अभद्रता भी की। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। पुलिस ने कमरा नंबर 409 में चल रही पार्टी का भंडाफोड़ किया। पुलिस रिकॉर्डिंग शुरू होते ही कुछ छात्रों ने आपा खो दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
कठोर कार्रवाई जारी रहेगी
प्राचार्य डॉ. गीता जैन ने कहा कि इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि कॉलेज में अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी किसी भी ऐसे कृत्य पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी। कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्रों को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि हॉस्टल परिसर में किसी भी प्रकार की पार्टी या अवैध गतिविधि पर प्रतिबंध है।
