सुखविंदर कौर बनीं जिला पंचायत अध्यक्ष
देहरादून। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर कौर ने जीत दर्ज की। इसके साथ ही कांग्रेस नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह जिला पंचायत उपाध्यक्ष चुने गए। चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर कौर ने 30 में से 17 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उपाध्यक्ष पद पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जहां पार्टी प्रत्याशी को 30 में से 18 वोट मिले।

प्रीतम सिंह का भाजपा पर वार
जीत के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि देहरादून में यह नतीजा भाजपा के लिए बड़ा सबक है। उन्होंने दावा किया कि यहां भाजपा के 9 विधायकों की मौजूदगी के बावजूद कांग्रेस ने जीत हासिल की, जो जनता के विश्वास और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है।

भाजपा पर राजनीतिक दबदबे का दावा
प्रीतम सिंह ने आगे कहा कि यह चुनाव परिणाम साफ संकेत देता है कि देहरादून की जनता भाजपा की नीतियों से नाराज है और कांग्रेस पर भरोसा जता रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए आने वाले चुनावों में भी इसी तरह मेहनत जारी रखने का आह्वान किया। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला, जबकि पार्टी नेताओं ने इसे लोकतंत्र और विकास की जीत बताया।
