देहरादून में जोगीवाला के पास चलती कार में लगी आग, सीपीयू उपनिरीक्षक दीवान सिंह गुसाईं और कांस्टेबल जीशान ने यात्रियों को सुरक्षित निकाला
देहरादून। देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक चलती टाटा कार (UK07 DL 1800) में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसा कैलाश अस्पताल, जोगीवाला के पास हुआ। घटना के समय कार में सवार लोगों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन मौके पर मौजूद सीपीयू उपनिरीक्षक दीवान सिंह गुसाईं और कांस्टेबल जीशान ने बिना समय गंवाए तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने दौड़कर सभी कार सवारों को जलती कार से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सीपीयू कर्मियों की सूझबूझ से टली बड़ी घटना
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार से धुआं निकलते ही सीपीयू जवानों ने न केवल सवारों को बाहर निकाला बल्कि आम जनता की मदद से आग बुझाने का भी प्रयास किया। कार में बैठे सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं, किसी को कोई चोट नहीं आई। हालांकि, कार पूरी तरह जलकर राख हो गई।

कार मालिक ने जताया आभार
कार स्वामी उस्मान, निवासी खंजरपुर, रुड़की (हरिद्वार) ने सीपीयू उपनिरीक्षक दीवान सिंह गुसाईं और कांस्टेबल जीशान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अगर दोनों जवान समय पर नहीं पहुंचते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रैफिक फिर हुआ सामान्य
घटना के बाद जोगीवाला पुलिस और सीपीयू टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और ट्रैफिक को सुचारू करने का कार्य किया। थोड़ी देर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया।
