कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल से की मुलाकात
देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के नेताओं ने रविवार को प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में राज्यपाल से मुलाकात की। कांग्रेस नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में हुई कथित धांधलियों की जानकारी दी। करन माहरा ने आरोप लगाया कि चुनावों के दौरान सत्ताधारी दल के संरक्षण में गुंडागर्दी, गोलीबारी और अपहरण जैसी घटनाएं सामने आईं।

उन्होंने राज्यपाल को बताया कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और कांग्रेस विधायकों पर एफआईआर दर्ज कराना लोकतंत्र के खिलाफ है। साथ ही अधिकारियों पर असंवैधानिक तरीके से काम करने के भी आरोप लगाए। करन माहरा ने नैनीताल, टिहरी, रुद्रप्रयाग और बेतालघाट की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव पर “डाका डाला गया।” कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार ने पंचायत चुनावों में 7 महीने की देरी करवाई और फिर नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए आरक्षण में भी मनमानी की।
इस दौरान कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि राज्य निर्वाचन आयुक्त को बर्खास्त किया जाए और राज्य सरकार को कानून व्यवस्था सुधारने के लिए स्पष्ट निर्देश दिए जाएं। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, विधायक क़ाज़ी निजामुद्दीन, ममता राकेश, विक्रम सिंह, फुरकान अहमद, रवि बहादुर, अनुपमा रावत सहित वरिष्ठ नेता सूर्यकांत धस्माना व अन्य शामिल रहे।

