मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट से नई हवाई सेवा का किया शुभारंभ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जौलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई देहरादून-बेंगलुरु सीधी हवाई सेवा का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हवाई सेवा राज्य के हवाई संपर्क और समग्र विकास के लिए बड़ी उपलब्धि है।

उत्तराखंड में नागरिक उड्डयन को नई दिशा
मुख्यमंत्री धामी ने एयर इंडिया एक्सप्रेस का स्वागत करते हुए कहा कि इस सेवा से राज्य में नागरिक उड्डयन को नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु देश की तकनीकी राजधानी है, जहां हमारे हजारों युवा शिक्षा, सेवा और स्टार्टअप क्षेत्रों में कार्यरत हैं। अब उन्हें आने-जाने के लिए और अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध विकल्प मिलेगा।

हवाई संपर्क विस्तार की दिशा में बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते वर्षों में राज्य सरकार ने हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए कई बड़े फैसले लिए हैं। पिथौरागढ़, चिन्यालीसौड़, गौचर, नैनीसैनी जैसे रीजनल एयरपोर्ट्स को सक्रिय किया जा रहा है, वहीं जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार कार्य भी तेज़ी से चल रहा है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस का नेटवर्क हुआ और मजबूत
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने बताया कि देहरादून उनका 58वां स्टेशन है और यह इस महीने लॉन्च किया गया तीसरा नया स्टेशन है। उन्होंने कहा कि हम देहरादून से बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ानें शुरू कर रहे हैं। यह मार्ग उत्तराखंड को न केवल बेंगलुरु से बल्कि भारत के 18 अन्य शहरों से भी वन-स्टॉप कनेक्टिविटी देगा।
‘टेल्स ऑफ इंडिया’ में उत्तराखंड की कला को सम्मान
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जानकारी दी कि देहरादून से पहली उड़ान के लिए इस्तेमाल किए गए नए बोइंग 737-8 विमान पर उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ऐप्पण’ कला से प्रेरित टेल आर्ट को प्रदर्शित किया गया है, जो देश की विविध कला और संस्कृति को सम्मानित करता है।
पहली उड़ान का समय और गंतव्य
देहरादून-बेंगलुरु की पहली उड़ान शाम 4:30 बजे देहरादून से रवाना हुई और 7:30 बजे बेंगलुरु पहुंची। इस सेवा के माध्यम से यात्री चेन्नई, गोवा, कोच्चि, पुणे, विशाखापत्तनम समेत 18 शहरों के लिए वन-स्टॉप कनेक्टिविटी का लाभ उठा सकेंगे।
कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, डोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, एयर इंडिया एक्सप्रेस के एमडी आलोक सिंह और यूसीएडीए के सीईओ आशीष चौहान सहित कई अधिकारी, यात्रियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
