कांग्रेस ने शुरू किया संगठन सृजन अभियान
हल्द्वानी। 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी अब जिला और महानगर अध्यक्षों की नई टीम तैयार करने में जुट गई है। इसी कड़ी में हल्द्वानी के स्वराज आश्रम में आज कांग्रेस महानगर अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई।

इस दौरान हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री अजय सिंह यादव, जो इस अभियान के पर्यवेक्षक हैं, हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने कई दावेदारों से महानगर अध्यक्ष पद के लिए आवेदन लिए। अजय सिंह यादव ने कहा कि गुजरात और बिहार की तर्ज पर उत्तराखंड में भी संगठन सृजन अभियान पार्टी के लिए नई ऊर्जा का काम करेगा।
अजय सिंह यादव ने कहा कि यह अभियान न केवल संगठन को मजबूती देगा, बल्कि 2027 में कांग्रेस की दमदार वापसी का मार्ग भी प्रशस्त करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बार जिला और महानगर अध्यक्ष किसी गुट का नहीं बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी का होगा। पार्टी का फोकस गुटबाजी खत्म कर एकजुट होकर चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाने पर है।

