मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग कार्यक्रम में युवाओं को शुभकामनाएं देते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग संवाद कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अभिनव पहल “यंग लीडर्स डायलॉग” की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने भारत मंडपम, नई दिल्ली में 09 से 12 जनवरी तक आयोजित होने वाले विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग में प्रतिभाग के लिए चयनित युवाओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पहल देश के युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक प्रभावी और प्रेरणादायी मंच है।
लाखों युवाओं में चयन गौरव की बात

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाखों विद्यार्थियों में से इस प्रतिष्ठित संवाद कार्यक्रम के लिए चयनित होना स्वयं में गर्व का विषय है। उन्होंने प्रतिभागी युवाओं के साथ-साथ उनके शिक्षकों को भी बधाई देते हुए कहा कि यह अवसर केवल एक कार्यक्रम में सहभागिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि और राष्ट्रीय स्तर पर अनुभव अर्जन का सशक्त माध्यम है।
युवा संवाद से मिलेगा सर्वांगीण विकास
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के माध्यम से युवाओं को देशभर के प्रतिभाशाली साथियों से संवाद और अनुभव साझा करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यंग लीडर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
नवाचार और नेतृत्व से देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे युवा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में यही युवा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, खेल, शिक्षा, नवाचार और उद्यमिता जैसे क्षेत्रों में नेतृत्व करते हुए देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज भारत उस दौर में खड़ा है जहां केवल सपने नहीं देखे जाते, बल्कि संकल्प के साथ उन्हें साकार भी किया जाता है।
वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीयों ने वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। यही कारण है कि आज भारत का तिरंगा देश-विदेश में गौरव के साथ लहरा रहा है।
उज्ज्वल भविष्य की कामना
मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें प्रेरित किया कि वे इस अवसर का पूर्ण लाभ उठाएं और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर—
- खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या
- निदेशक खेल आशीष चौहान
- सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
