राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की।
देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने अदम्य साहस, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति से भारत की एकता को साकार रूप दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एकीकृत भारत के निर्माण में सरदार पटेल का योगदान अमूल्य रहा है। उन्होंने रियासतों को जोड़कर देश को एक सूत्र में पिरोया और ‘अखंड भारत’ का सपना पूरा किया। सीएम धामी ने कहा कि सरदार पटेल ने हमें ऐसा भारत दिया जिसमें विविधता के बावजूद एकता की भावना गहराई तक बसती है। हर नागरिक उनके प्रति सदैव ऋणी रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के सर्वांगीण विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। यह दिन हमें राष्ट्र की सेवा के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराने का अवसर देता है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2025, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अवसर देश के लिए गर्व और प्रेरणा दोनों लेकर आया है।
सीएम धामी ने कहा कि सरदार पटेल का ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था। हमें उनके सपनों के अनुरूप सशक्त और समरस भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।
