रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकपर्व इगास के अवसर पर शनिवार को रुद्रप्रयाग जिले के वसुकेदार तहसील के भौंर गांव पहुंचे। हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्होंने उनकी समस्याओं को सुना और राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने आपदा में जान-माल की क्षति झेलने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और मृतक कुलदीप सिंह नेगी (वन श्रमिक) व सते सिंह के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक सौंपे।

पीड़ितों को दिलाया मदद का पूरा भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर आपदा प्रभावित व्यक्ति के साथ खड़ी है और किसी को भी अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी राहत कार्य समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि प्रभावित लोग जल्द सामान्य जीवन में लौट सकें।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के साथ मध्यान्ह भोजन किया और कहा कि उत्तराखंड एक आपदा-संवेदनशील राज्य है, इसलिए हमने आपदा प्रबंधन को सशक्त और प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
हेलीपैड, सड़क और आंगनवाड़ी केंद्र की घोषणा
मुख्यमंत्री धामी ने क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं कीं—
- भौंर गांव में स्थाई हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा ताकि आपातकालीन स्थिति में राहत कार्य तेजी से किए जा सकें।
- ग्रामीणों की मांग पर आंगनवाड़ी केंद्र के निर्माण की घोषणा की गई।
- गांव तक मोटर सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई, जिससे दोपहिया वाहनों की आवाजाही संभव हो सकेगी।
- छेनागाड़ क्षेत्र में जिन लोगों ने आपदा के दौरान अपने आवास खोए हैं, उनके लिए विस्थापन योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
- आपदा में क्षतिग्रस्त वाहनों के मालिकों को मुआवजा देने की घोषणा भी की गई।
तेजी से हो रहा पुनर्निर्माण कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, संचार और आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं के पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि हर प्रभावित व्यक्ति को त्वरित सहायता मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कठिन समय में धैर्य बनाए रखें और सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ग्रामीणों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री के आगमन पर ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया और राहत कार्यों की गति को लेकर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, तहसील प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
